सदर विधायक देवेन्द्र सिंह राजपूत की उपस्थिति में नगर पालिका परिषद सोरों ने दिया स्वच्छता का संदेश, मलिन बस्ती में चलाया गया विशेष अभियान
अंकित पंडित, सोरों
जागरण टूडे।
केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद सोरों द्वारा विशेष मलिन बस्ती स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत काशीराम आवास कॉलोनी में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सोरों के अध्यक्ष पंडित रामेश्वर दयाल महेरे ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। नगर पालिका निरंतर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है और ऐसे अभियान नागरिकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) हर्षिता देवड़ा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाना है, ताकि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सके।
अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद के सभासद सम्पूर्णानंद, आदित्य काकोरिया सहित नगर पालिका के कर्मचारीगण एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर काशीराम आवास कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य किया तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा "स्वच्छ शहर, स्वस्थ नागरिक" के संकल्प को जीवन में अपनाने की अपील की।