गुड्डू यादव,कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की स्वीकृति के बाद समाजवादी व्यापार सभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने वरिष्ठ सपा नेता जितेंद्र वार्ष्णेय को समाजवादी व्यापार सभा का अलीगढ़ मंडल प्रभारी नियुक्त किया है। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जितेंद्र वार्ष्णेय को जारी किए गए मनोनयन पत्र में संगठन को मजबूत करने तथा व्यापारियों के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अलीगढ़ मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपद एटा, हाथरस और कासगंज के जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने का कार्य वे करेंगे। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और सक्रियता से व्यापार सभा को नई मजबूती मिलेगी।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जितेंद्र वार्ष्णेय लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से मंडल स्तर पर पार्टी को मजबूती मिलने के साथ-साथ व्यापारी वर्ग में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मानपाल सिंह, विक्रम यादव, मयंक यादव, पुष्पेंद्र यादव, सोनू यादव, रवि यादव, कैलाश यादव, मोहम्मद शाहिद भाई, चाहत भाई सहित बड़ी संख्या में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। सभी ने उम्मीद जताई कि जितेंद्र वार्ष्णेय के नेतृत्व में समाजवादी व्यापार सभा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती के लिए कार्य कर रही है। इसी कड़ी में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय मेंजं पार्टी को राजनीतिक रूप से लाभ मिलने की संभावना है।