गुड्डू यादव,कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज ।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल का प्रादेशिक सम्मेलन रविवार, 31 मई 2026 को बरेली के पीलीभीत रोड स्थित स्पर्श रिसोर्ट में भव्य रूप से आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश भर से व्यापार मंडल के पदाधिकारी, युवा उद्यमी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापार, नवाचार और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए शीर्ष पदाधिकारियों ने युवा उद्यमियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और छोटी शुरुआत से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। असफलता से डरने के बजाय उसे सफलता की सीढ़ी मानते हुए आगे बढ़ना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग कर व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही व्यापारियों को सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूर्ण निर्वहन करना चाहिए, तभी भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ सकेगा।
सम्मेलन में ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन व्यापार पर नियंत्रण लगाया जाए अथवा उसकी एक सीमा निर्धारित की जाए। विशेष रूप से ₹3000 से कम मूल्य के सामान की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई गई, ताकि छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।
नाथ नगरी बरेली में आयोजित इस प्रादेशिक युवा प्रशिक्षण शिविर एवं व्यापारी समागम में भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी, राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, प्रांतीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड सदस्य राजेंद्र गुप्ता, प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुनील पाण्डेय तथा युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, युवा प्रदेश महामंत्री संत मिश्रा, योगेंद्र सिंह एवं राजू छाबड़ा, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक सतीश कुमार, एसपी सिटी बरेली मानुष पारिक आईपीएस सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कासगंज जिले से जिलाध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय, जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता, प्रदेश मंत्री रमेश साहू, उमाशंकर भारद्वाज, युवा प्रदेश मंत्री अंकुर गुप्ता, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव सिसौदिया, युवा जिलाध्यक्ष विकास गुप्ता, जिला महामंत्री विनय राज पन्नू, कोषाध्यक्ष अमित वार्ष्णेय, दुष्यंत वशिष्ठ एवं युवा नगर अध्यक्ष अरविंद वार्ष्णेय सहित कई पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बरेली इकाई के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं धन्यवाद दिया गया।