Saturday, June 13, 2026

अधिकमास परिक्रमा को लेकर मथुरा प्रशासन अलर्ट

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 31, 2026

अधिकमास परिक्रमा को लेकर मथुरा प्रशासन अलर्ट

जागरण टुडे, मथुरा

 पावन अधिकमास के दौरान ब्रज में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रविवार को समीक्षा बैठक कर ब्रज 84 कोस परिक्रमा, वृंदावन परिक्रमा, गोवर्धन परिक्रमा, बरसाना परिक्रमा और मथुरा परिक्रमा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और संपूर्ण परिक्रमा सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, भंडारा, शौचालय और प्रमुख पड़ाव स्थलों की व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकमास 15 जून तक रहेगा और इस दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं के ब्रज आगमन की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकमास को देखते हुए जिले को अलग-अलग सुपर जोन में विभाजित किया गया है, ताकि परिक्रमा मार्गों पर बेहतर निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। गोवर्धन परिक्रमा की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा को सौंपी गई है, जबकि बरसाना परिक्रमा की निगरानी अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार करेंगे। वृंदावन परिक्रमा के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, गोकुल, बलदेव और मांट क्षेत्र के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मथुरा शहरी क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा और अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

डीएम ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि आंधी, तूफान और बारिश की स्थिति में विद्युत फॉल्ट तत्काल दुरुस्त किए जाएं तथा संपूर्ण परिक्रमा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि चिकित्सा शिविरों में चिकित्सक और स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता रहे तथा 24 घंटे एंबुलेंस सेवा संचालित हो।

साफ-सफाई को लेकर जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। मोबाइल और स्थायी शौचालयों की व्यवस्था की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाएं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। जिलाधिकारी ने एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत को निर्देश दिए कि अधिक भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, बैरियर और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था मजबूत रखी जाए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्त करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं और भंडारा संचालकों से अपील की कि साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.