गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे,। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला पटिया गांव के पास एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 16 वर्षीय रिहान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही फैक्ट्री में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। आग और धमाके की चपेट में आने से रिहान, मौनू, सुनील, अजय और रवि गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में कई मजदूर 40 से 80 प्रतिशत तक झुलसे बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों की हालत गंभीर होने पर सभी को अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान किशोर रिहान ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि फैक्ट्री कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति के नाम पर संचालित की जा रही थी। वहीं फैक्ट्री में नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की बात ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।
“घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है। पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। फैक्ट्री के संचालन और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”