जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के मोहल्ला बरी थोक में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय के एक अधिवक्ता के घर में घुसने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। अधिवक्ता की जाग होने पर दो संदिग्ध युवक पत्थर फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। मामले की शिकायत कोतवाली गंजडुंडवारा में दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला बरी थोक निवासी अधिवक्ता मु० अयाज, जो जिला न्यायालय कासगंज में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब एक बजे वह अपने मकान की छत पर बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ संदिग्ध आहट सुनाई दी।
अधिवक्ता मु० अयाज के अनुसार जब उन्होंने उठकर देखा तो दो अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। आरोप है कि उनमें से एक युवक के हाथ में रोड़ा (पत्थर) था। अचानक संदिग्धों को देखकर उन्होंने शोर मचाया तो दोनों युवक घबरा गए और पत्थर फेंकते हुए मौके से भाग निकले।
घटना के बाद परिवार के लोग जाग गए और आसपास के लोगों को भी जानकारी दी गई। हालांकि तब तक दोनों संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद से अधिवक्ता और उनके परिजन भय के माहौल में हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की पहचान करने, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामले में कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।