मूसाझाग थाना क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। क्षेत्र की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर नमाज अदा की तथा देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
मूसाझाग, मनिकापुर कौर, मझारा, तालगांव, मचलई, हथिनीभूड, मौसमपुर और हसनपुर समेत कई गांवों एवं कस्बों में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।
त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और विभिन्न ईदगाहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रही।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के सहयोग की सराहना की और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने में अपना सहयोग दिया। बकरीद के अवसर पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही और लोगों ने जरूरतमंदों की मदद कर इंसानियत और भाईचारे की मिसाल पेश की।
पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने से लोगों में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला।