प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सिविल लाइन स्थित नेहरू उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर की अगुवाई में किया गया। इस दौरान साम्प्रदायिकता विरोधी समिति के अध्यक्ष कामरेड शिवदत्त चतुर्वेदी की अध्यक्षता में पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई, जिसमें वक्ताओं ने नेहरू के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि पंडित नेहरू लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के मजबूत प्रतीक थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। मिश्रित अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक उद्योग, चिकित्सा, विज्ञान, शिक्षा और परमाणु अनुसंधान के क्षेत्र में उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि गुटनिरपेक्ष आंदोलन की अवधारणा देकर नेहरू ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू की दूरदर्शिता और विकास की सोच आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने उनके विचारों को अपनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया। कार्यक्रम का संयोजन कांग्रेस जिला महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने किया।
इस अवसर पर अजय शर्मा एडवोकेट, पंकज गोपाल पाठक, कुंवर सिंह निषाद, मोहन श्याम शर्मा, कुश कुमार सिंह, अर्पित जादौन, बृजबिहारी सारस्वत, महेश चौबे, नीरज निषाद, दिलीप चौधरी, गिरधारी लाल गोला, नितिन शर्मा, दिलशाद सिंह, वीरेंद्र गुप्ता, करन निषाद, मोनू निषाद, विजय सिंह लोधी, रामकुमार मुंशी, लक्ष्मी नारायण धनगर, आकाश बघेल, सुरेशचंद्र शर्मा और राजेश धनगर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।