जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम मंगदपुर में अज्ञात कारणों से लगी आग से दो परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की चपेट में आने से झोपड़ियों में रखा अनाज एवं घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक पशु भी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार मनोहर लाल पुत्र दाताराम तथा राजू पुत्र नाथूराम की झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान एवं बुग्गी जल चुका था।
घटना में एक पशु भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणो के अनुसार घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। वही आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है।