फतेहगंज पश्चिमी में दर्दनाक हादसा, शादी समारोह से लौटते समय हुआ दुर्घटना का शिकार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव सोहरा निवासी कृष्णपाल मौर्य उर्फ नारद पुत्र पीतम लाल मौर्य की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार देर रात धौरा टांडा मार्ग पर रहीम मिल के पास हुआ, जब अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, कृष्णपाल मौर्य गुरुवार रात धौरा टांडा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 10:30 बजे वह समारोह से वापस अपने गांव सोहरा लौट रहे थे। इसी दौरान रहीम मिल के समीप तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्णपाल सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मां दुर्गावती समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि कृष्णपाल की कुछ समय पहले ही शादी तय हुई थी। वह परसा खेड़ा स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करते थे।
मृतक के पिता पीतम लाल मौर्य टुकटुक वाहन चलाने के साथ खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद गांव की श्मशान भूमि में कृष्णपाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।