Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ: सूखी मक्का की फसल हाथ लिए किसानो के साथ बिजली घर पहुंचे अब्दुल हफीज गांधी, बोले- “बिजली नहीं मिली तो बर्बाद हो जाएंगे किसान”

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 20, 2026

KASGANJ: सूखी मक्का की फसल हाथ लिए किसानो के साथ बिजली घर पहुंचे अब्दुल हफीज गांधी, बोले- “बिजली नहीं मिली तो बर्बाद हो जाएंगे किसान”

भीषण गर्मी में ट्रिपिंग और कटौती से जनता बेहाल,अतिरिक्त ट्रांसफार्मर चालू कराने की मांग को लेकर सौपा ज्ञापन

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली विधान सभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को जोरदार विरोध देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी किसानों के साथ सूखी मक्का की फसल लेकर सीधे सुजावलपुर बिजली घर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कासगंज एवं सुजावलपुर बिजली घर के एसडीओ के माध्यम से प्रेषित किया। अवर अभियंता पंकज कुमार को किसानों की सूखी मक्का की फसल के साथ ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई।


“ट्यूबवेल बंद, खेत सूखे… किसान रातभर बिजली का इंतजार करने को मजबूर”

अब्दुल हफीज गांधी ने सूखी मक्का की फसल दिखाते हुए कहा कि पर्याप्त बिजली न मिलने से किसानों के बिजली चालित ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। खेतों में समय से सिंचाई नहीं हो पा रही, जिससे मक्का सहित अन्य फसलें सूखने लगी हैं। उन्होंने कहा कि किसान पूरी रात बिजली आने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन सप्लाई इतनी खराब है कि फसलें बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं।

“पंखे-कूलर बने शोपीस, गर्मी में तड़प रही जनता”

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में लगातार अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और दिन-रात हो रही ट्रिपिंग से आम जनता परेशान है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग रातभर गर्मी में जागने को मजबूर हैं। कई इलाकों में पंखे और कूलर तक सही तरीके से नहीं चल पा रहे हैं।

अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर चालू न होने पर उठाए सवाल

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि सुजावलपुर बिजली घर पर पहले से एक 5 MVA ट्रांसफार्मर संचालित है, जबकि एक अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर कई महीनों पहले रख दिया गया था, लेकिन उसे आज तक चालू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता और किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को तत्काल चालू कराया जाए, किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसानों और आम जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान असलम अंसारी, जगतपाल सिंह, शमीम खान, दीपक पाल और पंकज लोधी सहित कई लोग मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.