ब्रज 84 कोस परिक्रमा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तहसील मांट क्षेत्र के उमरारा, गढ़ी हुलासी, नसीटी, नगला पैसला, नगला डेहरिया, हरनोल, टैंटीगांव, सुरीर, सुल्तानपुर, मीरपुर और पिथोरा सहित विभिन्न पड़ाव स्थलों एवं मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर, क्षेत्राधिकारी मांट संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क, पुलिया और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सभी सड़कें गड्ढामुक्त की जाएं और जहां आवश्यकता हो वहां मार्गों का सुदृढ़ीकरण कराया जाए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर नियमित दूरी पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मोबाइल और स्थायी शौचालयों की व्यवस्था तथा दिशा सूचक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। टूटी पुलियों की मरम्मत और अत्यधिक जर्जर पुलियों के स्थान पर नई पुलिया निर्माण कराने को भी कहा गया।
उप जिलाधिकारी मांट को निर्देश दिए गए कि नियमित अंतराल पर चिकित्सा शिविर लगाए जाएं और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। घाटों, नदियों और नहरों के आसपास लगातार गश्त करने और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था, कूड़ेदान और अस्थायी ठहराव स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों और परिक्रमार्थियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि ब्रज 84 कोस परिक्रमा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।