जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के निर्देशन में बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तथाकथित किसान यूनियन स्वराज संगठन से जुड़े गैंगस्टर एवं हिस्ट्रीशीटर सुजीत उर्फ सुरजीत पाण्डेय निवासी ग्राम गढ़ी हरनाठेर थाना ढोलना को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत निरुद्ध कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह द्वारा अभियुक्त की लगातार आपराधिक गतिविधियों, लोक व्यवस्था पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव तथा आमजन में व्याप्त भय के माहौल को गंभीरता से लेते हुए रासुका की कार्रवाई संबंधी विस्तृत आख्या जिला प्रशासन को भेजी गई थी। मामले की गंभीरता एवं उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद जिला मजिस्ट्रेट कासगंज प्रणय सिंह ने 13 मई 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत निरुद्धि आदेश पारित किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर किसान हितों की आड़ में दहशत और अराजकता का माहौल बना रखा था। उसके विरुद्ध महिला उत्पीड़न, दलित उत्पीड़न, लूट, डकैती, जमीन कब्जा, रंगदारी और अवैध वसूली जैसे गंभीर मामलों सहित अनेक मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि आए दिन जाम, दबंगई और अव्यवस्था फैलाकर आमजन जीवन को प्रभावित किया जाता था।
अभियुक्त की गतिविधियों से ग्राम गढ़ी हरनाठेर, गढ़ी पचगाईं सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और आतंक का वातावरण व्याप्त था। व्यापारी वर्ग एवं आम नागरिक भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।
एसपी ओ.पी. सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, भय का वातावरण पैदा करने तथा संगठनों की आड़ में अराजक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।