सम्मेलन में एसपी ने सुनी पुलिस कर्मियों की समस्याएं, पांच विशेष अवसरों पर छुट्टी का ऐलान
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह द्वारा सोमवार देर रात्रि रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सम्मेलन में पुलिस कर्मियों ने ड्यूटी व्यवस्था, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, अवकाश, भोजन व्यवस्था, पारिवारिक समस्याओं सहित विभिन्न विभागीय मुद्दों को रखा। एसपी ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभाग एवं शासन स्तर पर संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और हितकारी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, मानसिक संतुलन एवं सेवा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही सभी कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग का प्रत्येक कर्मचारी विभाग की महत्वपूर्ण इकाई है। उन्होंने आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
सम्मेलन में पुलिस कर्मियों के हित में एक नई व्यवस्था भी लागू की गई। इसके तहत प्रत्येक कर्मचारी को उनके निर्धारित आकस्मिक अवकाशों में से पांच विशेष अवसरों पर हर परिस्थिति में अवकाश प्रदान किया जाएगा। इनमें कर्मचारी का स्वयं का जन्मदिन, पति या पत्नी का जन्मदिन, शादी की सालगिरह, पहले बच्चे का जन्मदिन तथा दूसरे बच्चे का जन्मदिन शामिल हैं।
यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न शाखाओं एवं थानों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।