मुनीश चंद्र शर्मा, फतेहगंज पूर्वी
उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर इलाके में शनिवार शाम भीषण हादसा हो गया। इसमें बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी निवासी एक महिला और उसके मासूम बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला के पति समेत दो लोग घायल हो गए। बताते हैं कि पूरा परिवार रोजी-रोटी की तलाश में पंजाब जा रहा था।
जानकारी के अनुसार फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र सुकटिया सिंघावरी निवासी श्रीदेवी (28) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हरदोई निवासी अभिषेक से हुई थी। अभिषेक पिछले तीन वर्षों से पंजाब के लुधियाना में रहकर बंटाई पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह खेती का काम बढ़ाना चाहते थे, जिसके लिए ट्रैक्टर लेकर शनिवार को परिवार समेत लुधियाना जा रहे थे।
बताया जाता है कि श्रीदेवी छह दिन पहले अपने मायके फतेहगंज पूर्वी आई थीं। शनिवार शाम वह अपने पति अभिषेक, आठ माह के बेटे अभिजीत, भाई लालाराम और भाभी सावित्री देवी के साथ बरेली से लुधियाना के लिए निकले थे। ट्रैक्टर को एक कैंटर में लाद दिया गया था और परिवार के लोग भी उसी वाहन में सवार हो गए।
शनिवार रात करीब 12 बजे हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सदरपुर टोल प्लाजा से आगे कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कैंटर को सीधा कराया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में श्रीदेवी, उनके आठ माह के बेटे अभिजीत और रिश्तेदार सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अभिषेक और लालाराम घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, परिवार बेहतर कमाई और भविष्य की उम्मीद में पंजाब जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। फतेहगंज पूर्वी में घटना की सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई।