मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल, 65 किलो तांबा बरामद
उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के थाना सीबीगंज पुलिस ने स्क्रैप व्यापारी के गोदाम में सुरंग बनाकर तांबा चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
व्यापारी ने 28 अप्रैल को दर्ज कराई थी एफआईआर
बरेली शहर के सिविल लाइंस निवासी शिवानी जैन ने 28 अप्रैल को थाना सीबीगंज में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म पद्मावती एसोसिएट का सीबीगंज इलाके में गोदाम है। अज्ञात चोरों ने दीवार के पास गोदाम में सुरंग बनाकर करीब दो टन कॉपर स्क्रैप चोरी कर लिया। चोरी गए माल की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई थी।
बुधवार को सुबह-सुबह हुई मुठभेड़
बताते हैं कि बुधवार 06 मई को सीबीगंज पुलिस टीम बंडिया नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया तांबा बेचने के लिए तीन ई-रिक्शा में लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इस दौरान ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
खुद को घिरा जानकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। तभी पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निजाम, अब्दुल समी और मोहम्मद खालिद हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, नकदी, एक ई-रिक्शा और चोरी किया गया 65 किलो तांबे का तार बरामद किया है।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बरेली और पीलीभीत होकर गुजरेगा शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे