जागरण टुडे, मथुरा
धर्म नगरी मथुरा में 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। इसी क्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार ने न्यायालय परिसर से दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहनों के माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोक अदालत के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान शुरू किया गया है। इन वाहनों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक भी मौजूद रहे, जो लोगों को लोक अदालत के लाभ और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
इस मौके पर अपर जिला जज राम किशोर पाण्डेय, अमर पाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रेलवे) सूर्यभान कुमार वर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह, बार एसोसिएशन मथुरा के अध्यक्ष व सचिव समेत अन्य पदाधिकारी और लीगल एड डिफेन्स काउंसिल के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि 9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक लोग अपने लंबित मुकदमों को चिन्हित कर स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित हों और उनका त्वरित निस्तारण कराएं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
जनपद में लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान हो सके।