मथुरा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। 30 अप्रैल 2026 को थाना जैत क्षेत्र में कृष्णा वैली के सामने हरियाणा की ओर से आ रहे एक नागालैंड नंबर के बंद बॉडी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच के दौरान ट्रक के भीतर लकड़ी के बड़े-बड़े बॉक्स में छिपाकर भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन की जा रही थी। टीम ने कुल 283 पेटी शराब बरामद की, जिसमें 51 पेटी फुल बोतल, 174 पेटी हॉफ और 58 पेटी क्वार्टर शामिल हैं। कुल मिलाकर 2526.12 बीएल मदिरा जब्त की गई, जो हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य थी, लेकिन बिना वैध दस्तावेजों के उत्तर प्रदेश में लाई जा रही थी।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम का हिस्सा थी, जिसमें अवैध शराब माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, तस्कर चालाकी से लकड़ी के बॉक्स में शराब छिपाकर कानून की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्क टीम ने उनकी साजिश नाकाम कर दी।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना जैत में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि इस गैरकानूनी धंधे पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।