जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी को लेकर कासगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल टीम ने 75 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइल फोनों की कुल कीमत करीब 26 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुम मोबाइल फोनों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी सहायता लेकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से इन मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध अमित कुमार के नेतृत्व में साइबर सेल टीम एवं थानों पर नियुक्त सीसीटीएनएस कर्मियों के संयुक्त प्रयास से संभव हो सकी।
गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कासगंज पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक शशिकांत सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, स्वप्निल सिवाच, विजन कुमार और विवेक कुमार शामिल रहे।