जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए गुम हुए 75 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कासगंज के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाना था। इस दौरान साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की सहायता से तकनीकी विश्लेषण करते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। टीम ने सर्विलांस और तकनीकी उपकरणों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की और संबंधित स्थानों पर समन्वय स्थापित कर उन्हें वापस हासिल किया। इसके बाद सभी मोबाइल फोन को सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिया गया।
मोबाइल प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने कासगंज पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा। पुलिस की इस पहल ने आम जनता में विश्वास को और मजबूत किया है।
इस अभियान में साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक शशिकांत सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, कांस्टेबल स्वातिनील सिवाच, कांस्टेबल विजन कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसे ट्रेस कर वापस दिलाया जा सके। साथ ही, CEIR पोर्टल का उपयोग कर मोबाइल को ब्लॉक कराने की भी सलाह दी गई है।