जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह द्वारा निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कई थाना क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारियों को स्थानांतरित कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के मुताबिक निरीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। निरीक्षक सत्य प्रकाश को अतिरिक्त निरीक्षक थाना कासगंज से थाना साइबर क्राइम में भेजा गया है। वहीं निरीक्षक अवधेश कुमार को चौकी प्रभारी बिलराम (थाना ढोलना) से अतिरिक्त निरीक्षक थाना कासगंज की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक विजेंद्र सिंह को प्रभारी मीडिया सेल से पीआरओ, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात किया गया है, जबकि निरीक्षक ब्रजकिशोर को पुलिस लाइन से थाना साइबर क्राइम भेजा गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण तबादले हुए हैं। उपनिरीक्षक सोनू सिंह को पीआरओ कार्यालय से प्रभारी साइबर सेल कासगंज बनाया गया है। उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा को साइबर सेल से थाना कासगंज, जबकि उपनिरीक्षक संदीप वर्मा को पुलिस लाइन से थाना कासगंज भेजा गया है। उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को पुलिस लाइन से थाना गंजडुंडवारा में तैनाती मिली है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक बचन सिंह को थाना सिढ़पुरा से चौकी प्रभारी बिलराम (थाना ढोलना) बनाया गया है। उपनिरीक्षक विनय शर्मा को प्रभारी साइबर सेल कासगंज से पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक शशिकांत को साइबर सेल कासगंज से थाना सोरों में तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिस अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर लें और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
इस फेरबदल को जनपद में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर साइबर सेल और थाना स्तर पर किए गए बदलावों से कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।