जागरण टुडे, कासगंज
जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में स्थित कादरगंज गंगा पुल पर रविवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुल के बीचों-बीच मैक्स पिकअप और छोटा हाथी वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए और पुल पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए जाम खुलवाया। हादसे में मैक्स पिकअप चालक समेत छोटा हाथी में सवार दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से जनपद बदायूं के कादरचौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रेमा देवी, ओमपाल, रामवरन, देवकुमारी, भूदेवी, सुशीला, रेनू और पिकअप चालक संजय को जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्स पिकअप बदायूं से गंजडुंडवारा की ओर जा रही थी, जबकि छोटा हाथी में सवार लोग सिढपुरा क्षेत्र के ग्राम मगथरा से बदायूं में एक गमी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
कादरगंज चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों का इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।