जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सोशल मीडिया पर ‘बाय’ लिखकर कीटनाशक पीते हुए वीडियो डालने वाले युवक को कासगंज पुलिस ने महज 10 मिनट में मौत के मुहाने से खींच लिया। मेटा के अलर्ट सिस्टम से मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।
शनिवार तड़के करीब 3:18 बजे कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कीटनाशक पीता नजर आ रहा था। पोस्ट के साथ उसने ‘बाय’ लिखा था। वीडियो अपलोड होते ही मेटा कंपनी ने डीजीपी मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट भेजा।
मुख्यालय से मिली लोकेशन के आधार पर कासगंज पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम सिर्फ 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गई। कमरे में पहुंचते ही युवक की हालत गंभीर थी, वह खांस रहा था और हाथ में कीटनाशक की शीशी थी। पुलिस ने परिजनों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
पूछताछ में सामने आया कि युवक पारिवारिक कलह और अकेलेपन के कारण अवसाद में था। उसकी पत्नी पिछले छह महीने से मायके में रह रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया था।
अस्पताल से छुट्टी के बाद पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और उसे जीवन का महत्व समझाया। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया।
आपको बता दे उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच 2022 से चल रही यह पहल अब ‘लाइफलाइन’ बन चुकी है। 1 जनवरी 2023 से 15 अप्रैल 2026 तक ऐसे 2,539 मामलों में लोगों की जान बचाई जा चुकी है।
इस अभिनव पहल के लिए यूपी पुलिस को SKOCH Award-2025 और The Economic Times GovTech Awards-2026 जैसे बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं।