जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा ब्लांक क्षेत्र के गांव नवादा के पास विगत दिनो तेज आंधी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सगे भाई-बहन के परिजनों को दैवीय आपदा राहत के तहत चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अमापुर क्षेत्र के विधायक हरिओम वर्मा ग्राम गजौरा पहुंचे और मृतकों के पिता अशोक कुमार को प्रतीकात्मक चेक सौंपते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।
विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार दैवीय आपदाओं से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को अन्य जरूरी सहायता भी समय पर सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान एसडीएम पटियाली प्रदीप विमल, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 3 अप्रैल 2026 को गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के नवादा गांव के पास अचानक आई तेज आंधी ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली थीं। आंधी के दौरान पेड़ की भारी डाल टूटकर एक बाइक पर गिर गई, जिससे संजू (20) और उसकी बहन आरती (22) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। दोनों अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी से गेहूं की फसल काटकर गांव गजौरा लौट रहे थे।
परिवार के लोग दो बाइकों पर सवार थे। इसी दौरान तेज आंधी में आगे चल रही बाइक पर पेड़ की डाल गिरने से दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं पीछे चल रही बाइक पर सवार शिव सागर (25) और संध्या (14) भी हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया था। एक ही परिवार के दो जवान बच्चों की मौत से जहां घर में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। राहत राशि मिलने के बाद भी परिजनों का दर्द कम नहीं हो सका है और पूरे क्षेत्र में अब भी गमगीन माहौल बना हुआ है।