मथुरा-वृन्दावन में नारी शक्ति वंदन विधानसभा सम्मेलन सम्पन्न
सशक्त नारी, सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी, मथुरा महानगर द्वारा मथुरा-वृन्दावन विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मसानी स्थित आरसीए गर्ल्स डिग्री कॉलेज में हुआ, जिसका शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सम्मेलन की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या अंजू बाला खंडेलवाल ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य रेणू गौर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि नेतृत्व करने और देश की दिशा तय करने का अवसर भी प्रदान करेगा। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज की नारी आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त है, जो परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अधिनियम के प्रभाव से आने वाले समय में देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अभूतपूर्व रूप से बढ़ेगी।
इस अवसर पर मथुरा-वृन्दावन विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इससे संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी और नीति निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिला एवं बालिका से जुड़े मुद्दों पर अधिक संवेदनशील निर्णय लिए जा सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और स्वाभिमान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी आज शिक्षा, विज्ञान, सेना, खेल एवं राजनीति जैसे सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया सम्मेलन के पश्चात कॉलेज एक रैली निकाली गई जिसको मुख्यअतिथि रेणू गौर एवं विधायक श्री कांत शर्मा भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन भारती वार्ष्णेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर दीपा अग्रवाल, पूजा चौधरी, ममता भारद्वाज, नीलम गोयल (पार्षद), सुनीता उपाध्याय, कल्पना गर्ग, नीलम पांडे, पूनम वाल्मीकि, परमार वंदना अरोड़ा, भावना रावत, ज्योति चतुर्वेदी, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, सुरेंद्र ठाकुर, प्रधान ललित गौतम, मलय राठौर, मनोज ठाकुर, अंकुर गुर्जर (पार्षद), महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, प्रणय पाराशर, अमित पाठक, यज्ञदत्त कौशिक, लोकेश तायल, नितिन चतुर्वेदी, नितिन कौशिक, राजू चौधरी, राजेश माहौर, नरेश शर्मा, बब्बू, धर्मेंद्र चौधरी, राकेश तोमर, मोहन भारद्वाज, कुलदीप पाठक (पार्षद) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।