जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के कैनाल रोड स्थित गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023’ के अंतर्गत एक प्रभावी हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर शेखर शर्मा एवं मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. रीतु गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना तथा ‘नारी शक्ति दीवार’ पर हस्ताक्षर कर इस महत्वपूर्ण अधिनियम के समर्थन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर किए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023’ महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और सशक्त होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस प्रभारी डॉ. तेजप्रताप सिंह, श्रुति बघेल, नीतू गुप्ता, ऋषभ मिश्रा, दीपक शर्मा, सीमा द्विवेदी एवं रमेश चन्द्र सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।