Sunday, April 19, 2026

अक्षय तृतीया पर वृंदावन में हाई अलर्ट, 3 जोन, 11 सेक्टर में बांटा जिला

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 16, 2026

अक्षय तृतीया पर वृंदावन में हाई अलर्ट, 3 जोन, 11 सेक्टर में बांटा जिला

जागरण टुडे, मथुरा 

अक्षय तृतीया पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने वृंदावन में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कमर कस ली है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पर्यटन थाना वृंदावन सभागार में विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वृंदावन को 3 जोन और 11 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जिनमें सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि प्रमुख स्थानों पर 10 मेडिकल टीमें और 5 एंबुलेंस तैनात की जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

उन्होंने परिक्रमा मार्ग को सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परिक्रमा मार्ग और मंदिरों के आसपास सभी बिजली के पोल की रैपिंग की जाए, लटकते तारों को दुरुस्त किया जाए और गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर मौके पर मौजूद रहने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। नगर निगम को बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, दिशा सूचक संकेतक (साइनेज) लगाने और गर्मी से राहत के लिए पंखे-कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों व घाटों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जूता-चप्पल घरों की मैपिंग, अधिक भीड़ होने पर होल्डिंग एरिया बनाने और वहां मैटिंग बिछाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और होटल संचालकों के साथ समन्वय बैठक करने पर भी जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी, एसपी सिटी, एसपी यातायात समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.