जागरण टुडे, मथुरा
उप्र गो सेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण और गो-आश्रय स्थलों के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सदस्य रमाकांत उपाध्याय सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष ने गो-आश्रय स्थलों के पास की चारागाह भूमि को कब्जामुक्त कर वहां नैपियर और मुरिंगा घास का रोपण कर चारा उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। गौशालाओं में सीसीटीवी व्यवस्था, एनजीओ द्वारा संचालन और मुख्यमंत्री सहभागिता योजना की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपा जाए और गोबर व गोमूत्र से जैविक उत्पाद जैसे बायोगैस, खाद, गमले व पंचगव्य बनाकर इन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नरेंद्र नारायण शुक्ला समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।