जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद के अमांपुर कस्बे के मोहनपुर रोड स्थित एक कथित ‘जनता क्लीनिक’ क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। आरोप है कि यहां बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री के एक युवक खुद को बीएमएस डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा है। इस अवैध क्लीनिक पर इलाज के नाम पर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान शिव कुमार हमदर्द ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि यह क्लीनिक लंबे समय से संचालित हो रहा है और यहां हर प्रकार की बीमारी का इलाज किया जाता है, जो कि पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है। उनके अनुसार, इस फर्जी डॉक्टर की वजह से कई मरीजों की हालत बिगड़ चुकी है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
शिव कुमार हमदर्द का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कई बार उच्च अधिकारियों से की है। इसमें सीएम पोर्टल, जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और अमांपुर सीएचसी पर तैनात एमओआईसी को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध क्लीनिक को तुरंत बंद कराया जाए और संबंधित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत चिकित्सक से इलाज कराने से बचें और केवल सरकारी अस्पतालों या प्रमाणित डॉक्टरों से ही उपचार कराएं।
इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।