कुशाग्र वर्मा और शौर्य मेहरोत्रा 98.4 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम जारी होते ही छात्र-छात्राओं और अभिभावक खुशी से झूम उठे। जिले के स्कूलों में कहीं जश्न का माहौल नजर आया तो कहीं मेधावियों के चेहरों पर भविष्य की नई उड़ान की चमक दिखी।
अबकी दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के छात्र ओम सिंह ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। ओम सिंह ने सोशल साइंस, अंग्रेजी और एआई में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। ओम सिंह ने बताया कि नियमित पढ़ाई, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने अपनी तैयारी छोटे-छोटे लक्ष्यों में बांटकर की। स्कूल और कोचिंग के बाद वह रोजाना 3 से 4 घंटे पढ़ाई करते थे। उन्होंने रिवीजन और लिखने के अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया, जिससे परीक्षा के दौरान उन्हें काफी लाभ मिला। ओम ने बताया कि वह आगे 12वीं में पीसीएम (भौतिकी, रसायन, गणित) के साथ पढ़ाई करेंगे और विज्ञान वर्ग में ही अपना करियर बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह अपने करियर को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना चाहते हैं। कर्मचारी नगर निवासी ओम सिंह के पिता रेलवे में लोको पायलट थे, जिनका कोरोना काल में निधन हो गया था। उनकी माता मालती सिंह गृहिणी हैं।
जिले में दूसरे स्थान पर 98.4 प्रतिशत अंक के साथ सेक्रेड हार्ट स्कूल के दो छात्र रहे। कुशाग्र वर्मा ने बताया कि उन्होंने स्कूल के बाद घर पर छह घंटे पढ़ाई की और प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान दिया। उनके एआई में 100 और गणित में 99 अंक आए हैं। वह आगे पीसीएम के साथ पढ़ाई कर जेई की तैयारी करना चाहते हैं।
शौर्य मेहरोत्रा भी 98.4 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। शौर्य ने विज्ञान विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। वह भी आगे पीसीएम के साथ पढ़ाई कर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में जाना चाहते हैं। परिणाम के बाद छात्रों में उत्साह के साथ ही भविष्य को लेकर नई उम्मीदें भी जागी हैं। सही रणनीति, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही इस तरह की सफलता हासिल की जा सकती है।
जीआरएम की आद्या चौहान ने किया विद्यालय टॉप
बरेली। सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जीआरएम नैनीताल रोड ब्रांच के लिए अत्यंत सुखद रहा। आद्या चौहान ने 98.4 प्रतिशत, वीर भोजवानी ने 98 प्रतिशत, सिया आनंद, मिशिका दीक्षित, सक्षम अग्रवाल, अर्थ रंजन और अवनी गोयल ने 97.8 प्रतिशत, समग्र भारद्वाज और संभव सारस्वत ने 97.6 प्रतिशत, सार्थक कुमार, दक्ष सक्सेना, प्रभव कपूर और तनिश विरमानी ने 97.2 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय टॉप किया।
तरुण्शी बंसल ने हिन्दी में सैकड़ा जमाया। आद्या चौहान, सिया आनंद, अनुष्का सिन्हा, वान्या सक्सेना और अदिति सिंह ने अंग्रेजी में शत प्रतिशत अंक पाए। मिशिका दीक्षित और सक्षम अग्रवाल ने सामाजिक विज्ञान में शतक लगाया। इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 16 बच्चों ने सैकड़ा लगाया है।
हाईस्कूल में विद्यालय के 226 बच्चों ने परीक्षा दी थी। विद्यालय का परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय के 47 बच्चों ने 95 प्रतिशत से अधिक तथा 90 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अंक पाए हैं। विद्यालय प्रबंधक राजेश जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य रनवीर सिंह रावत ने सफल बच्चों को मिष्ठान्न खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।