कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में सभी विद्यार्थी सफल, रिद्धि बनीकक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में सभी विद्यार्थी सफल, रिद्धि बनी टॉपर
बरेली जिला के मीरगंज क्षेत्र के प्रतिष्ठित बीडीएम पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत (100%) परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने विशेष रूप से बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यालय की टॉपर कुमारी रिद्धि ने 85.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। उनके विषयवार अंकों की बात करें तो उन्होंने अंग्रेजी में 93%, हिंदी में 89%, सामाजिक विज्ञान में 92% तथा आईटी में 96% अंक अर्जित किए, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है।
वहीं, आयशा फातिमा ने 83.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने अंग्रेजी में 98%, सामाजिक विज्ञान में 96% और आईटी में 98% अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कशिश अंसारी ने 82.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने हिंदी में 91%, सामाजिक विज्ञान में 92% तथा आईटी में 93% अंक प्राप्त किए।विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता पर सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार का मानना है कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय के चेयरमैन रमेश चंद्र मिश्रा, डायरेक्टर अचल मिश्रा तथा प्रधानाचार्या डॉ. चारु खन्ना ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर छात्रों को उच्च उपलब्धियों के लिए प्रेरित करता रहेगा।इस उत्कृष्ट परिणाम ने बीडीएम पब्लिक स्कूल को क्षेत्र में एक बार फिर अग्रणी शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थापित कर दिया है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है।