जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा पटियाली मे भारतीय जनता पार्टी मंडल पटियाली द्वारा ‘महिला शक्ति वंदन अधिनियम’ के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य स्कूटी रैली ने पूरे नगर में नारी सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया। सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर अपने आत्मविश्वास, ऊर्जा और सामाजिक भागीदारी का शानदार प्रदर्शन किया।
नगर के प्रमुख शिक्षण संस्थान श्री भागवत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान से शुरू हुई इस रैली को मुख्य अतिथि प्रो. नीरज किशोर मिश्रा, जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिवप्रताप सिंह तथा मंडल अध्यक्ष समर सिंह गौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ के नारों से वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिवप्रताप सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘महिला शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रति जागरूकता फैलाना और महिलाओं को उनके अधिकारों व भागीदारी के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही है और यह रैली उसी जागरूकता का प्रतीक है।
मुख्य अतिथि प्रो. नीरज किशोर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति और समाज की मुख्यधारा में आगे लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। वहीं मंडल अध्यक्ष समर सिंह गौर ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर मातृशक्ति का स्वागत किया। यह दृश्य न केवल उत्साहवर्धक था, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिवप्रताप सिंह ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा तय करती हैं। इस अवसर पर ध्रुव भदौरिया, अवधेश पाण्डेय, गौरव गुप्ता, अम्बुज द्विवेदी, एकता चौहान, योगेश कुलश्रेष्ठ, अर्चना राठौर, राधिका अवस्थी, नूतन दुबे, प्रज्ञा सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।