जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खण्ड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी आदेश में विभिन्न विकास खण्डों में नई तैनातियां की गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार खण्ड विकास अधिकारी महेंद्र पाल सिंह को कासगंज से स्थानांतरित कर गंजडुण्डवारा भेजा गया है। सहावर में तैनात सहायक विकास अधिकारी चरन सिंह को सहावर के साथ कासगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं कुलदीप शाक्य को सिढ़पुरा का खण्ड विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें अमापुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर कोमल पंवार को सोरों का खण्ड विकास अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौपा गया है। अमापुर में तैनात बीडीओ मुकेश कुमार तथा सिढ़पुरा की बीडीओ श्रुति गर्ग का गैर जनपद स्थानांतरण किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर प्रभार प्रमाण पत्र कार्यालय में उपलब्ध कराएं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता देय नहीं होगा।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को विकास कार्यों में गति लाने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।