जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टीकमपुरा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित माता के मंदिर में अराजक तत्वों द्वारा बजरंगबली समेत अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
वही शरारती तत्वों ने मूर्तियों को तोड़कर पास के खेतों में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नाराजगी जताई।
ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना कासगंज में तहरीर दी है। वहीं कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा को मामले से अवगत कराते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी आंचल चौहान मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।