भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा संविधान देश की आत्मा है और इसके दायरे में रहकर जनता की सेवा करना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारत को एक सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी संविधान दिया, जो सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका व्यक्तित्व और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे लोकसेवक के रूप में आमजन की गरिमा का सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर रघुवेंद्र सिंह, ऊषा सिंह, नरेंद्र यादव, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने डीग गेट क्षेत्र स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित समाज की नींव रखी, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।