गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन (उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद) एवं अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज के मातृ सभागार में तीन माह के प्रशिक्षण उपरांत “मुदरिया चोरी” रासलीला का अत्यंत भावपूर्ण एवं भव्य मंचन किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया
इस अवसर पर 01 जनवरी से 31 मार्च तक चले गीत, संगीत, नृत्य एवं अभिनय के विशेष प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। प्रशिक्षण गीता शोध संस्थान की विशेषज्ञ टीम द्वारा दिया गया, जिसके पश्चात छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन मंच पर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के ध्यान से हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल वाजपेयी एवं कोऑर्डिनेटर मीता जी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं रासलीला के निर्देशक, गीता शोध संस्थान के निदेशक प्रो. दिनेश खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रज की लुप्त होती मंचीय कलाओं को उनके मूल, पवित्र एवं विशुद्ध स्वरूप में पुनर्स्थापित करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि आज की युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों की ओर अग्रसर हो रही है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महेंद्र प्रताप सिंह, अपर नगर आयुक्त राकेश त्यागी एवं जिला उद्योग आयुक्त रामेंद्र पाल ने छात्राओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी कपिल उपाध्याय ने कहा कि ब्रज संस्कृति भारतीय संस्कृति की आत्मा है और इस प्रकार के आयोजन देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक प्रस्तुत करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संयोजन गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के कोऑर्डिनेटर चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार एवं कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. मांडवी राठौर द्वारा किया गया। डॉ. मांडवी राठौर ने रासलीला से पूर्व “मुदरिया चोरी” लीला एवं राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम का भावपूर्ण वर्णन किया।
रासलीला में तनु, विशाखा, वंशिका, महक, पायल, प्रार्थना, मोनिका, भावना, प्रगति, लक्ष्मी, प्रिया, अनुष्का, रागिनी, आकाशी, भूमिका, डोली, प्रियांशी, वर्षा, कोमल, कुमकुम एवं प्रांजल सहित अनेक छात्राओं ने प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया।
संगीत पक्ष में आकाश शर्मा (हारमोनियम), सुनील एवं केशव पाठक (तबला), तथा दीनानाथ चरणदास (सारंगी) ने रासलीला को मधुर स्वरों से सजाया। नृत्य प्रशिक्षण कु. मानसी राजपूत द्वारा दिया गया, जबकि गायन, अभिनय, मेकअप एवं वेशभूषा का दायित्व श्रीमती रितु सिंह एवं डॉ. सरिता शर्मा ने निभाया।
कार्यक्रम के अंत में प्रवक्ता नूतन देहर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा कलाकारों का परिचय कराया। तीन माह के प्रशिक्षण शिविर की पूर्णता पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अरविंद चतुर्वेदी, महेश पांडे, एस.पी. गोस्वामी, कल्याण वर्मा, मनोज चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।