बदायूँ जिले में एचपीसीएल प्लांट के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका साथी शिवम प्रताप सिंह भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुठभेड़ में आरोपी अभय प्रताप के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
इसे भी पढ़े - HPCL कांड के बाद शक्ति, आरोपी की मां पर केस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मूसाझाग पुलिस व एसओजी/स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को जनपद फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब आरोपी अभय प्रताप को उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कराने के लिए लेकर गई, तभी उसने छिपाया हुआ तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस हमले में आरक्षी प्रशांत कुमार घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभय प्रताप के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे काबू कर हिरासत में लिया गया और घायल सिपाही के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसे भी पढ़े - बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में डबल मर्डर, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला 12 मार्च 2026 का है, जब थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में आरोपी ने घुसकर दो अधिकारियों—सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा—को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।