Sunday, April 19, 2026

Badaun News : नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा सशक्त अधिकार

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 14, 2026

Badaun News : नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा सशक्त अधिकार

जागरण टुडे, बदायूँ

बदायूँ में भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में महिला पदाधिकारियों ने नई दिल्ली में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना। इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण, उनकी बढ़ती भागीदारी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और महिला प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और सराहा।

इसके उपरांत जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को उनके अधिकार दिलाने का एक मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और यह अधिनियम उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगा।

अभियान के तहत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विधानसभा स्तर पर छह स्थानों पर नारी शक्ति सम्मेलन, नारी शक्ति पदयात्रा, दीवार लेखन और विजन दौड़ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक इस अधिनियम का संदेश पहुंचाना है और महिलाओं को इससे जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जारी मिस कॉल नंबर 9667173333 पर उपस्थित महिलाओं ने कॉल कर अपना समर्थन दर्ज कराया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं और आमजन से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा सहित कई महिला पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.