जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराया।
जनता दर्शन में पहुंचे मोहम्मद अयान पुत्र मुदस्सर, निवासी मोहल्ला पर्व थोक, गंजडुंडवारा ने व्हीलचेयर न होने की अपनी परेशानी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। अयान की स्थिति को समझते हुए डीएम प्रणय सिंह ने बिना देरी किए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और मौके पर ही उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध कराई।
व्हीलचेयर मिलने पर दिव्यांग अयान और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें तुरंत राहत मिली है।
इस मौके पर डीएम प्रणय सिंह ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर जरूरतमंद की मदद प्राथमिकता पर की जाएगी। खासतौर पर दिव्यांगजनों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
यह पहल न सिर्फ प्रशासन की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशील सोच का भी मजबूत संदेश देती है।