जागरण टुडे, राहुल गुप्ता, पटियाली।
कस्बा के बाईपास रोड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट के.एम. इंटर कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर कक्षा पीजी से लेकर कक्षा 11वीं तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों के उत्साह, उल्लास और तालियों की गूंज से जीवंत हो उठा। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
समारोह में वर्गों के ग्रुप टॉपर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नन्हे सितारे वर्ग (पीजी से यूकेजी) में रोशनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1 से 5) में प्रबल कुमार मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में अनुभव यादव ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 11) में ईशांत ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ग्रुप टॉप कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्रबंधक श्याम किशोर गौर एवं प्रधानाचार्य शोभित सिंह चौहान ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की एक विशेष कड़ी में प्रबंधक द्वारा उपस्थित अभिभावकों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और भी बढ़ा।
अपने संबोधन में प्रबंधक ने कहा कि सफलता का मार्ग कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से होकर गुजरता है। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समारोह का समापन किया।