जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मौजमपुर हुसैनपुर स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल के किनारे कई पेड़-पौधे लगे हुए थे, जिनमें एक शीशम का बड़ा और घना पेड़ भी शामिल था। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस पेड़ को कटवा दिया गया, साथ ही परिसर के अंदर लगे दो अन्य छोटे पौधों को भी हटा दिया गया। कटे हुए पेड़ों के अवशेषों से यह साफ प्रतीत होता है कि वे पूरी तरह हरे-भरे और जीवित थे।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ये पेड़ न केवल छायादार थे, बल्कि विद्यालय के वातावरण को भी संतुलित रखते थे। ऐसे में बिना किसी स्पष्ट कारण के इन्हें काटा जाना चिंताजनक है। जब इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि पेड़ों की कटाई बिना किसी आधिकारिक अनुमति के कराई गई। हालांकि, उन्होंने यह तर्क दिया कि पेड़ “गलत स्थान” पर लगे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही पत्रकारों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि पेड़ न तो खेल मैदान के बीच में थे और न ही किसी निर्माण कार्य में बाधा बन रहे थे। वे बाउंड्री वॉल और शौचालय से उचित दूरी पर लगे हुए थे।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इस घटना की पूर्व जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर वन विभाग और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है