जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के पटियाली क्षेत्र से सम्बंधित फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा के खिलाफ अपशब्द कहे जाने के आरोप के बीच संबंधित बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। वही पुलिस ने भी प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार प्रेमप्रताप सिंह पुत्र अनूप कुमार सिंह, निवासी नगला धाता (एटा) ने थाना पटियाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 12 अप्रैल 2026 को वह अपने ढकपुरा स्थित प्लॉट पर मौजूद था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे उसके मोबाइल फोन पर अजर खान पुत्र उमर खान, निवासी भरगैन का कॉल आया। आरोप है कि कॉल उठाते ही आरोपी ने अभद्र गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपी ने अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिओम वर्मा के खिलाफ भी अपशब्द कहे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और गरमा गया है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हबीब खान पुत्र सकूर खान द्वारा अलग-अलग नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उक्त आरोपी जिम्मेदार होंगे।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। वायरल ऑडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।