Sunday, April 19, 2026

KASGANJ :गौशालाओं की बदहाली पर विहिप-बजरंग दल ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कार्यवाही की मांग

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 13, 2026

KASGANJ :गौशालाओं की बदहाली पर विहिप-बजरंग दल ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कार्यवाही की मांग

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने जिले की गौशालाओं में गोवंश की दयनीय स्थिति को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को लक्ष्मी नारायण चौधरी के कासगंज आगमन के दौरान भाजपा जिला कार्यालय पर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की गई।

इस दौरान बजरंग दल ब्रज प्रांत एटा विभाग संयोजक अमरीष वशिष्ठ ने कहा कि गौशालाओं की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। गोवंश को न समय पर चारा मिल रहा है और न ही समुचित उपचार, जिससे कई स्थानों पर उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन में खास तौर पर पचलाना गौशाला की स्थिति पर चिंता जताई गई। आरोप था कि यहां गोवंश को समय पर न तो स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और न ही पर्याप्त चारा-पानी, जिससे उनकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह भी कहा गया कि पहले दी गई लिखित शिकायतों के बावजूद जिला स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

विहिप और बजरंग दल ने इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे जिले की गौशालाओं की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। साथ ही भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की भी मांग उठाई गई।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संगठनों ने सुझाव दिया कि सभी गौशालाओं में गोवंश का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। इसमें दुधारू गाय, नंदी, बछड़े, स्वस्थ-अस्वस्थ और मृत गोवंश की संख्या का स्पष्ट चार्ट लगाया जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि प्रत्येक गौशाला में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच टीम का दौरा अनिवार्य किया जाए, मृत गोवंश का विधिवत अंतिम संस्कार हो, तथा हरे चारे और स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गर्मी से बचाव के लिए टीन शेड लगाने पर भी जोर दिया गया।

अंत में संगठनों ने प्रशासन से जिले में गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की, ताकि गोवंश के लिए प्राकृतिक चारे की स्थायी व्यवस्था हो सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.