जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज ।
जिले से एक अहम खबर सामने आई है, जहां न्यायालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। चैंबर निर्माण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि वर्षों से लंबित इस समस्या पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कासगंज न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि उनके लिए बनाए जा रहे चैंबर अधूरे पड़े हैं और निर्माण कार्य लंबे समय से ठप है। इसके चलते उन्हें मजबूरी में टीन शेड के नीचे बैठकर अपना काम करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब टीन शेड के नीचे तापमान बेहद अधिक हो जाता है। अधिवक्ताओं के अनुसार, इस कठिन परिस्थिति के कारण पिछले वर्ष एक अधिवक्ता की मौत भी हो चुकी है, जिसके बावजूद प्रशासन और सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बार एसोसिएशन कासगंज के अध्यक्ष गिरजा शंकर दुबे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनारायण को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द चैंबर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि वे पहले भी इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
“न्यायालय में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर की अत्यंत आवश्यकता है। अधूरे पड़े चैंबर जल्द से जल्द पूरे कराए जाएं। भीषण गर्मी में टीन शेड के नीचे काम करना बेहद कठिन है। हमने कई बार ज्ञापन दिया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”