जागरण टुडे, कासगंज।
लायंस क्लब कासगंज का 52वां अधिष्ठापन समारोह एवं चार्टर नाइट कार्यक्रम सोरों रोड स्थित पीआर मोटल में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष दिनेश वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्लब के गवर्नर संजीव कुमार तोमर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि समाज सेवा मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से दूसरों की सहायता करना, उनके दुख-दर्द को बांटना और समाज को बेहतर बनाना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने माता-पिता की सेवा को भी ईश्वर की सेवा के समान बताया।
उप मंडलाध्यक्ष (प्रथम) आर.एन. वर्मा ने अधिष्ठापन के अवसर पर नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सेवा, नेतृत्व और सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे सदस्यों में नया उत्साह और समाज सेवा के लिए संकल्प पैदा होता है।
उप मंडलाध्यक्ष (द्वितीय) अजय भार्गव ने नए सदस्यों को दीक्षा दिलाई और संगठन की एकता एवं समर्पण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सदस्य मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं, जबकि नए सदस्य जिम्मेदारी को समझकर क्लब को आगे बढ़ाते हैं।
क्लब सचिव विजय राजपूत ने वर्षभर में आयोजित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया तथा आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से ही क्लब निरंतर प्रगति करता है।
इस अवसर पर गवर्नर संजीव कुमार तोमर ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए अध्यक्ष दिनेश वर्मा को सम्मानित किया। साथ ही अतिथियों, सदस्यों, पत्रकारों और महिला सदस्यों को माला, पटका और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन योगेश चंद्र गौड़ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन शांतनु चौधरी और विजेंद्र सिंह ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में क्लब सदस्य, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।