जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी त्योहारों और शोभा यात्राओं से पहले कासगंज पुलिस ने अपनी तैयारियों का दमखम दिखाया। रिजर्व पुलिस लाइन में उस वक्त माहौल गूंज उठा, जब बलवा ड्रिल अभ्यास के दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी और पुलिसकर्मी दंगा नियंत्रण की रणनीतियों को जमीन पर उतारते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास में पुलिस बल ने एंटी राइट गन, टीयर गैस गन और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों का जोरदार प्रदर्शन किया। हर एक मूवमेंट में मुस्तैदी और एक्शन साफ नजर आया, मानो किसी असली हालात से निपटने की तैयारी हो।
ड्रिल के दौरान अधिकारियों ने न सिर्फ उपकरणों के इस्तेमाल का अभ्यास कराया, बल्कि उनकी देखरेख, साफ-सफाई और सही संचालन को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीम को हर परिस्थिति में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कासगंज पुलिस का यह रिहर्सल साफ संकेत दे रहा है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं—पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।