जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज:
जनपद कासगंज के सोरों क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान यूनियन (स्वराज गुट) के कई पदाधिकारियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय समेत कुल 9 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार इन सभी पर संगठित गिरोह बनाकर अवैध रूप से धन उगाही करने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के गंभीर आरोप हैं।
सोरों कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज मामले में प्रदेश अध्यक्ष आशीष पांडेय, सुरजीत पांडेय, बरौदा निवासी विकास, अलीपुर बरबारा के महीपाल, सुरेंद्र, वीरेश, बौबी और सुरेश को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी मिलकर एक गिरोह के रूप में कार्य कर रहे थे और आम लोगों को धमकाकर उनसे धन वसूलते थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की गतिविधियों को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने इन पर दबाव बनाकर अवैध वसूली करने, डराने-धमकाने और प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने जैसे आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।
वहीं, इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारियों और समर्थकों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से साक्ष्यों के आधार पर की गई है और कानून के दायरे में रहकर आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।