Sunday, April 19, 2026

सिढ़पुरा में दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता की अनोखी झलक, बैंड-बाजों संग निकली बारात, छह जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 11, 2026

सिढ़पुरा में दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता की अनोखी झलक, बैंड-बाजों संग निकली बारात, छह जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कस्बा सिढ़पुरा के करतला रोड स्थित उर्स हज़रत दादा मियां इंतज़ामिया कमेटी द्वारा बीती देर रात एक भव्य और प्रेरणादायक सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने सामाजिक एकता, भाईचारे और सहयोग की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।


समारोह में कुल छह जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें दो जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा चार मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। यह दृश्य सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना को दर्शाता नजर आया, जहां अलग-अलग परंपराएं एक मंच पर एक साथ साकार हुईं।


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मोहम्मद शकील नदवी (प्रदेश अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा, समाजवादी पार्टी), खलील खान (प्रदेश उपाध्यक्ष), पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व चेयरमैन सहावर जाहिदा सुल्तान एवं पूर्व विधायक नेत्रपाल सिंह मौजूद रहे। कमेटी द्वारा सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी छह दूल्हों की बारात बग्गियों पर सवार होकर बैंड-बाजों के साथ करतला रोड से पूरे कस्बे में धूमधाम से निकाली गई। इस भव्य बारात को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। बसपा नेता जुनैद मियां ने बारात का भव्य स्वागत किया।

नवविवाहित जोड़ों में जयबुन निशा-वारिस, कहकंशा-मोहम्मद नाहिद, नरगिस-अकील अहमद, गुलफशा-आरिफ, निशा कुमारी-यश प्रताप सिंह एवं रूबी-सूरज कुमार शामिल रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप वॉशिंग मशीन, डबल बेड, अलमारी, बक्सा, सोफा सेट, घड़ी, कुकर, प्रेस, कपड़े, बर्तन एवं आटा चक्की सहित अन्य घरेलू उपयोग का सामान भेंट किया गया, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ कर सकें।

कार्यक्रम के अध्यक्ष निज़ाम अहमद उर्फ बब्बन भाई सहित मोहम्मद इसराइल, शानू सैफी, रहीस भाई, नासिर सिद्दीकी, अफगान शेख, आरिफ अल्वी, तौहीद सिद्दीकी, कलाम हैदर और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।

यह सामूहिक विवाह समारोह न सिर्फ जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और इंसानियत का सशक्त संदेश भी दे गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.