जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद के समस्त स्कूल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, आरटीई के तहत प्रवेश और फीस नियंत्रण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी रतन कीर्ति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण और प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को किताबें, ड्रेस और अन्य शैक्षिक सामग्री खरीदने पर न्यूनतम 25 प्रतिशत की छूट दी जाए। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि आरटीई के तहत आवंटित छात्रों को प्रवेश न देने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों द्वारा फीस वृद्धि निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए। यदि किसी स्कूल द्वारा मनमाने तरीके से अतिरिक्त फीस वसूली जाती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि छात्रों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।