मंडलायुक्त आगरा एवं मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) के अध्यक्ष नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्राधिकरण की 109वीं बोर्ड बैठक हुई। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत 108वीं बोर्ड बैठक के निर्णयों की पुष्टि और उनके अनुपालन की समीक्षा से हुई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।
उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 के तहत मैसर्स टी. पोद्दार इन्फ्रा डेवलपर्स द्वारा ग्राम गांठौली व जतीपुरा में प्रस्तावित नई टाउनशिप की डीपीआर को सशर्त मंजूरी दे दी गई है। संबंधित विभागों से अनापत्तियां प्राप्त करने के बाद प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
थीम पार्क व हाउसिंग प्रोजेक्ट का विभाजन
श्री राधा वृन्दावन चन्द्र मंदिर, कृष्ण लीला थीम पार्क एवं ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को दो भागों में विभाजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। शर्त रखी गई कि सभी नियमों और विभागीय अनुमतियों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
हनुमत विहार योजना में संशोधन
तहसील सदर के ग्राम वाटी में विकसित हनुमत विहार आवासीय योजना के लेआउट में आंशिक संशोधन को भी स्वीकृति दी गई।
ओटीएस योजना लागू
प्राधिकरण की संपत्तियों के डिफॉल्टर आवंटियों से बकाया वसूली के लिए 18 अप्रैल से 17 जुलाई तक एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2026) लागू करने का निर्णय लिया गया।
रजिस्ट्री प्रक्रिया आरंभ
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने हनुमत विहार आवासीय योजना-2024 और गोविंद विहार आवासीय योजना-2025 के अंतर्गत भूखंडों की रजिस्ट्री प्रक्रिया आरंभ की। हनुमत विहार योजना में 220 भूखंडों का आवंटन वर्ष 2024 में लॉटरी से हुआ था, जिनमें से करीब 160 आवंटियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है। वहीं गोविंद विहार योजना-2025 में 121 भूखंड आवंटित किए गए, जिनमें लगभग 77 आवंटियों ने भुगतान पूरा कर लिया है।
प्राधिकरण ने बताया कि आवंटी सभी औपचारिकताएं पूरी कर स्टाम्प पेपर पर रजिस्ट्री कराकर भूखंड का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री भुवन भूषण, उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी एन., सचिव श्री आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।